Bareilly News: नवाबगंज की ओसवाल चीनी मिल होगी नीलाम, किसानों का 70 करोड़ रुपये है बकाया
नवाबगंज स्थित ओसवाल चीनी मिल को नीलाम करने की तैयारी है। मिल पर करीब 22 हजार किसानों का ब्याज सहित 70 करोड़ रुपये बकाया है। नीलामी से मिली धनराशि से किसानों को भुगतान होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली जिले में करीब 22 हजार किसानों की बकायेदारी पर नवाबगंज स्थित ओसवाल चीनी मिल को नीलाम करने की तैयारी है। नीलामी से मिलने वाली धनराशि से किसानों को भुगतान किया जाएगा। चीनी मिल पर किसानों का ब्याज सहित करीब 70 करोड़ रुपये बकाया है। इसी हफ्ते राष्ट्रीय शर्करा संस्थान कानपुर की टीम मिल का मूल्यांकन करने आ सकती है। इसके बाद नीलामी से जुड़ी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बता दें कि कुछ दिन पहले ही बहेड़ी स्थित केसर चीन मिल की जमीन की नीलामी की गई है।
ओसवाल ओवरसीज लिमिटेड की स्थापना वर्ष 1996 में की गई थी। 1998 में इसका पहला ट्रायल होकर उत्पादन शुरू हुआ था। वित्त वर्ष 2023-24 में मिल को गन्ना किसानों का कुल 107.12 करोड़ रुपये देना था। इसमें से प्रबंधन ने 91.64 करोड़ का भुगतान कर दिया था। 15.48 करोड़ रुपये बकाया रह गए थे। इसके बाद वित्त वर्ष 2024-25 में मिल ने किसानों से 39.45 करोड़ रुपये का गन्ना खरीदा, लेकिन भुगतान एक रुपये का भी नहीं किया।
इस तरह बकाया रकम बढ़कर 54.93 करोड़ पहुंच गई, जो अब ब्याज सहित करीब 70 करोड़ रुपये तक हो चुकी है। बकाया भुगतान के लिए डिप्टी कमिश्नर, जिलाधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी की ओर से 30 से ज्यादा नोटिस जारी किए गए, लेकिन मिल प्रबंधन की ओर से जवाब नहीं दिया गया। दो सितंबर 2025 को हाफिजगंज थाने में प्रबंध निदेशक के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई।
8900 क्विंटल चीनी भी हो चुकी है नीलाम
वसूली के लिए मिल के गोदाम में रखी 8900 क्विंटल चीनी को प्रशासन ने कुर्क कर लिया और बाद में इसकी 3.39 करोड़ रुपये में नीलामी कर दी। इस धनराशि से किसानों के बकाये का भुगतान भी किया गया। 30 मई को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मिल पर बकायेदारी को लेकर समीक्षा बैठक भी की, लेकिन इसमें मिल प्रबंधन की ओर से कोई शामिल नहीं हुआ। इसके बाद नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी ने बताया कि ओसवाल चीनी मिल पर किसानों का ब्याज सहित करीब 70 करोड़ रुपये बकाया है। इसकी नीलामी के लिए प्रक्रिया चल रही है। कानपुर से टीम को मूल्यांकन के लिए आना है। मिल का मूल्यांकन होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।